सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल में ‘तरंग 2026’ में गूंजा पृथ्वीराज चौहान का शौर्य

यूपी – गाजियाबाद। सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल की वरिष्ठ माध्यमिक शाखा में 24 अक्टूबर को वार्षिकोत्सव ‘तरंग 2026’ के अंतर्गत ‘पृथ्वीराज चौहान—गाथा शौर्य व स्वाभिमान की’ का भव्य आयोजन किया गया। कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने संगीतमय नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से वीरता, देशभक्ति, त्याग और भारतीय संस्कृति के गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बैंड प्रस्तुति से हुआ। मुख्य अतिथि इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राम अवतार जिंदल, महासचिव गुलशन कुमार भाम्बरी, संस्थापक सदस्य आलोक गर्ग और जोगेंद्र सिंह ने विद्यालय अध्यक्ष डॉ. सुभाष जैन के साथ दीप प्रज्वलित किया। डॉ. सुभाष जैन ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

नाट्य प्रस्तुति में पृथ्वीराज चौहान के जन्म, शिक्षा, युद्ध प्रशिक्षण, राज्याभिषेक, संयोगिता से विवाह, तराइन के युद्ध, जयचंद के विश्वासघात और चंदबरदाई की भूमिका जैसे प्रसंगों का मंचन किया गया। विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्रों के माध्यम से भी शानदार प्रस्तुति दी।

डॉ. सुभाष जैन ने बच्चों में ऐतिहासिक विरासत के प्रति समझ विकसित करने पर जोर दिया। उपाध्यक्ष नमन जैन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। निदेशक प्रशासन प्रणव जैन ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार जताया। प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और आत्मविश्वासी नागरिक बनाना है।