
अलख पांडेय की मौजूदगी में साकार हुआ राजा बाबू का सपना, दिव्यांग खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन
गाजियाबाद। एसकेके फाउंडेशन की ओर से 24 अक्टूबर को इंदिरापुरम के न्याय खंड-1 स्थित टीएनएम मैदान में राष्ट्रीय स्तर का टी-20 व्हीलचेयर क्रिकेट जागरूकता मैच आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच खेले गए मुकाबले में बारिश के कारण डीएलएस नियम के आधार पर उत्तर प्रदेश को 13 रन से विजेता घोषित किया गया। कार्यक्रम में फिजिक्स वाला के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अलख पांडेय मुख्य अतिथि रहे।
व्हीलचेयर क्रिकेट इंडिया के अध्यक्ष एवं दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव सेवानिवृत्त स्क्वाड्रन लीडर अभय प्रताप सिंह और बोर्ड के सदस्य राजेश भारद्वाज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ का भी सहयोग रहा।
टॉस जीतकर उत्तर प्रदेश ने दिल्ली को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दिल्ली ने 20 ओवर में 265 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश ने 13.4 ओवर में 205 रन बनाए, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।
उत्तर प्रदेश के आतिफ अंसारी को मैन ऑफ द मैच, दिल्ली के इरफान हैदर को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सुनील चौधरी को 95 रन बनाने पर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और उत्तर प्रदेश के सोमजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार मिला।
आयोजन में एसकेके फाउंडेशन के संस्थापक मुकेश जौहरी, संस्थापिका नूतन पटवाल, महासचिव रेनू ममगाईं, मोनी सैनी, सौरभ गोस्वामी, राजकुमार अग्रवाल, रंजना बघेल और श्रीराम ओझा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुकेश जौहरी ने दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे भी सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। यह आयोजन भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ी राजा बाबू के सपने को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

