
यूपी – गाजियाबाद। विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, गाजियाबाद इकाई ने जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मेरठ रोड स्थित राजनगर एक्सटेंशन पुल के नीचे नवनिर्मित यातायात सहायता केंद्र पर फर्स्ट एड बॉक्स स्थापित किया। यह सुविधा वाहन चालकों और राहगीरों को आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस अवसर पर यातायात निरीक्षक जे. एस. पाठक को विधिवत फर्स्ट एड बॉक्स प्रदान किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरण नैयर के प्रस्ताव और प्रेरणा से शुरू हुई यह पहल यातायात पुलिस और रेड क्रॉस के संयुक्त सेवा भाव का उदाहरण है।
रेड क्रॉस गाजियाबाद इकाई के निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने से पहले प्राथमिक उपचार मिलना बेहद जरूरी है। रेड क्रॉस का प्रयास है कि धीरे-धीरे जनपद के सभी यातायात पुलिस सेवा केंद्रों और सहायता केंद्रों पर फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्राथमिक उपचार के अभाव में कोई घायल असहाय न रहे।
इस मौके पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के आजीवन सदस्य मनोज अग्रवाल सहित यातायात पुलिसकर्मी और अन्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने इस पहल को सड़क सुरक्षा और मानव सेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।

