मुस्तफाबाद में कांग्रेस की संगठन विस्तार बैठक, अकबर चौधरी का भव्य स्वागत

यूपी – गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र के मुस्तफाबाद में 12 सितंबर को कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संगठन विस्तार को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व कामिल मिर्जा ने किया। इस दौरान क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने गाजियाबाद अल्पसंख्यक कांग्रेस का जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर अकबर चौधरी का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अकबर चौधरी ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उनका उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सम्मान देना तथा जनता की समस्याओं और आवाज को मजबूती से उठाना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर की सक्रियता और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने अकबर चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक का समापन कांग्रेस की विचारधारा, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।