साहिबाबाद में कांग्रेस की बैठक, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गति देने का संकल्प

यूपी – गाजियाबाद, 28 अक्टूबर। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए विधानसभा प्रभारी शशि भूषण शर्मा के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने की।

बैठक में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पर्यवेक्षक डॉ. रागिनी नायक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अजय चौधरी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद पासी उपस्थित रहे। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. रागिनी नायक का स्वागत किया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करना रहा। इस दौरान वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का संकल्प लिया गया।

महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं, डॉ. रागिनी नायक ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आगामी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।