
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, कन्या के खाते में दिए जाएंगे 64 हजार रुपये
गाजियाबाद, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड लोनी में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 54 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी और खंड विकास अधिकारी विन्नी यादव उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

समारोह में अनुसूचित जाति के 18, अन्य पिछड़ा वर्ग के सात, सामान्य वर्ग के 12 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 17 जोड़े शामिल हुए। इनमें 37 हिंदू जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार फेरे और जयमाला की रस्मों के साथ संपन्न हुआ, जबकि 17 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।

योजना के तहत प्रत्येक विवाहित जोड़े को 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है। इसमें वर-वधू के कपड़े, स्टील के बर्तन, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट और दीवार घड़ी सहित अन्य सामान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त योजना के प्रावधानों के अनुसार कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि का भुगतान किया जाता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग और विकासखंड लोनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।

