
भाजपा महानगर कार्यालय में ओबीसी मोर्चा की बैठक और ‘सबसे ऊंचा सरदार’ गोष्ठी आयोजित
यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नेहरू नगर स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में ओबीसी मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
बैठक में जिला अध्यक्ष अजीत पाल कश्यप और महानगर अध्यक्ष राहुल गिरी ने नरेंद्र कश्यप का स्वागत किया। मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा महानगर गाजियाबाद की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘सबसे ऊंचा सरदार’ गोष्ठी भी आयोजित की गई। इसमें देश के पहले उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, देशी रियासतों के एकीकरण और राष्ट्रीय एकता में योगदान को याद किया गया। गोष्ठी के माध्यम से उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता और समरसता मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों में संगठन की मजबूती, सामाजिक संपर्क और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर रहा।

