
यूपी – गाजियाबाद। गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट से 12 सितंबर को ‘हिंदू जागो, घर-बेटी अस्तित्व बचाओ’ पदयात्रा शुरू हुई। पदयात्रा का नेतृत्व महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि के शिष्य यति महादेवानंद गिरि कर रहे हैं। पदयात्रियों ने मां गंगा के तट पर पूजा-अर्चना कर सनातन धर्म की रक्षा और हिंदू समाज की एकता के लिए प्रार्थना की तथा गंगाजल लेकर दूधेश्वरनाथ मठ की ओर प्रस्थान किया।
बृजघाट रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित गौरव मिश्रा, पंडित विनय मिश्रा और गजेंद्र त्यागी खिलवाई सहित सैकड़ों भक्तों ने अमृत परिसर में पदयात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि भी आशीर्वाद देने पहुंचे। उनके साथ श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम मुरादनगर की पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरि, स्वामी राम विशाल दास, स्वामी अभिराम दास और अन्य भक्त मौजूद रहे। सभी ने पारद शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया।
यति नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि यात्रा के माध्यम से हिंदू समाज को एकजुट होने और सनातन धर्म की रक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने हिंदुओं के लिए अलग राष्ट्र की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों में भगवान शिव और मां जगदंबा से भक्ति, सद्बुद्धि, शक्ति और विजय की प्रार्थना की जाएगी। उन्होंने अधिक संतान के लिए भी हिंदू समाज को प्रेरित करने की बात कही।

