बदनोली में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को रोका

सतीश शर्मा ने योगी सरकार पर साधा निशाना

यूपी – गाजियाबाद/धौलाना। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बदनोली में दलित युवक की हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को वेव सिटी पुलिस द्वारा रोकने और हाउस अरेस्ट किए जाने का कांग्रेस ने विरोध किया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सह प्रभारी संजीव आर्य और गाजियाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने बदनोली जा रहे थे। कांग्रेस के अनुसार, रास्ते में वेव सिटी पुलिस ने उन्हें रोक दिया और आगे जाने से रोकते हुए हाउस अरेस्ट कर दिया।

सतीश शर्मा ने कहा कि दलित परिवार बेटे की हत्या के बाद न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है, ऐसे में कांग्रेस नेता परिवार से मिलने और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। उन्होंने सवाल किया कि सरकार कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से क्यों रोक रही है।

सतीश शर्मा ने आरोप लगाया कि योगी सरकार राहुल गांधी और कांग्रेस की बढ़ती जनस्वीकार्यता से घबराई हुई है और पुलिस के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बदनोली हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा और न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंच तक पीड़ित परिवार की आवाज उठाती रहेगी।