शादी-समारोहों के लिए संवरेंगे नगर निगम के सामुदायिक केंद्र, 10 करोड़ से होगा जीर्णोद्धार

यूपी – गाजियाबाद। शहरवासियों को शादी और अन्य समारोहों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने सामुदायिक केंद्रों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार का अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ पांचों जोन के 28 सामुदायिक केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेन श्याम पार्क, लाजपत नगर, पुराना विजयनगर, संजय नगर ई ब्लॉक, गुलधर, इस्लाम नगर और सूर्य नगर ए ब्लॉक सहित अन्य सामुदायिक केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं गईं। नगर आयुक्त ने मरम्मत, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, रंगाई-पुताई और इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य कराने के निर्देश दिए। सभी सामुदायिक भवनों में केयरटेकर की व्यवस्था करने तथा मुख्य प्रवेश द्वारों को आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया।

नगर आयुक्त ने कहा कि बहन-बेटियों की शादी और अन्य समारोहों को लेकर अभिभावकों की चिंता दूर करने के लिए सामुदायिक केंद्रों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा। जर्जर भवनों के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वार्ड 11, 65, 38, 49, 56 और 60 में विशेष कार्य होंगे। वार्ड 6 और 7 के सामुदायिक भवनों के लिए करीब पांच करोड़ रुपये का डीपीआर शासन को भेजा गया है।

महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर करीब 10 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।