क्षेत्रीय वॉलीबॉल में सरस्वती विद्या मंदिर का दबदबा, विजेता टीम अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएगी दम

यूपी – गाजियाबाद। मथुरा के वृंदावन में आयोजित 38वीं क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर, नेहरू नगर, गाजियाबाद की किशोर वर्ग की वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टीम की सफलता पर 11 सितंबर को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर विजेता खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने टीम के मुख्य प्रशिक्षक विपिन शर्मा के कुशल मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और गाजियाबाद का नाम रोशन किया है।

क्षेत्रीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद अब विजेता टीम अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 22 अक्टूबर से मध्य प्रदेश में खेली जाएगी।

विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनसे इसी उत्साह और मेहनत के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।