नंदग्राम में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, लोगों को मिला चिकित्सकीय परामर्श

यूपीगाजियाबाद। बिराज फाउंडेशन और गणेश अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में नंदग्राम स्थित श्री राधाकुंज, गली नंबर-4 में वीके पैथकैयर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में फिजिशियन सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इस दौरान लंबाई, वजन, रक्तचाप, रक्त शर्करा, फेफड़ों की कार्यक्षमता जांच, हृदय की विद्युत जांच और हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक उपचार संबंधी सलाह के साथ स्वास्थ्य के प्रति सावधानियां बरतने की जानकारी दी।

शिविर में डॉ. ललित, डॉ. इकरा, लोकेन्द्र, शिवानी, निधि मोहन सैनी और रीना सहित चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं दीं।

बिराज फाउंडेशन के संस्थापक बिराज सिंह ने वीके पैथकैयर का आभार जताते हुए कहा कि संस्था और गणेश अस्पताल की ओर से समय-समय पर ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े स्वास्थ्य कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।