
यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग के गाजियाबाद स्थित कार्यालय पर इस्कॉन मंदिर गाजियाबाद के संतों एवं पुजारीगणों ने पहुंचकर आगामी 4 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रित किया।

संतों के आत्मीय निमंत्रण पर अभिषेक गर्ग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत और आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का पावन पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश समाज को सत्य, धर्म, कर्म एवं मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर अभिषेक गर्ग ने आदि कर्ता दास, धनंजय जगन्नाथ दास, सुरेश्वर दास, धीर योगेश्वर दास एवं अधोक्षज धाम दास का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संतों का स्नेह और आशीर्वाद समाज के लिए सदैव प्रेरणादायी है। अभिषेक गर्ग ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।

