
यूपी – लखनऊ/गाजियाबाद। उत्तराखंड के हल्द्वानी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग ने लखनऊ में जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
गांधी पार्क, हजरतगंज में आयोजित प्रदर्शन का आह्वान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष तनुज पूनिया ने किया। प्रदर्शन में गाजियाबाद से एडवोकेट चन्द्रपाल नीम, प्रदेश सचिव, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग, आशीष प्रेमी, प्रदेश सचिव अनुसूचित विभाग एवं विजय कुमार जाटव, प्रदेश महासचिव अनुसूचित विभाग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरना प्रदर्शन के दौरान हजरतगंज थाना पुलिस ने तनुज पूनिया सहित कई कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें इको पार्क, लखनऊ स्थित धरना स्थल पर पहुंचाया। इसके बावजूद जोरदार बारिश के बीच शाम 5 बजे तक कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जारी रखा।
कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

