महामाया स्टेडियम में गंदगी और पंखों की कमी से भड़के बैडमिंटन खिलाड़ी

यूपी गाजियाबाद। महामाया स्टेडियम में गंदगी, भीषण गर्मी के बीच पंखों की व्यवस्था न होने और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर बैडमिंटन खिलाड़ियों में नाराजगी है। बैडमिंटन खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय लोकदल के जिला संयोजक अरुण चौधरी भूलन ने बताया कि लगभग एक वर्ष बाद बैडमिंटन कोर्ट खिलाड़ियों के लिए खोला गया है, लेकिन इसके बावजूद न तो यहां उचित सफाई की व्यवस्था है और न ही गर्मी से राहत के लिए पंखे लगाए गए हैं।

अरुण चौधरी भूलन ने बताया कि पहले कोर्ट में पंखे लगे हुए थे, लेकिन अब वे गायब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार एवं कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण पंखे गायब हुए हैं। इस संबंध में भीषण गर्मी से राहत के लिए कई बार क्रीड़ा अधिकारी को लिखित रूप से पंखे लगवाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कोर्ट में कई स्थानों पर सीलन आना व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। अरुण चौधरी भूलन ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी सरकारी धन के दुरुपयोग से सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं।

मौके पर मौजूद अन्य खिलाड़ियों ने भी जिला अधिकारी एवं मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने और स्टेडियम की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।