
यूपी – गाजियाबाद। फ्लैट ओनर फेडरेशन गाजियाबाद के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, वीर चक्र ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राम राजा से मुलाकात कर सड़कों पर बने गड्ढों के पैच रिपेयर के लिए ईकोफिक्स तकनीक अपनाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से गड्ढों की मरम्मत महज 15 मिनट में की जा सकती है और इसके लिए सड़क पर यातायात को लंबे समय तक रोकने की आवश्यकता नहीं होगी।
कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि ईकोफिक्स में स्टील उद्योग से निकलने वाले वेस्ट स्लैग को पॉलिमर बाइंडर के साथ मिलाकर तैयार किया जाता है। इसे गड्ढे को साफ किए बिना, बड़ी मशीनरी अथवा गर्म तारकोल के प्रयोग के बिना सीधे गड्ढे में भरा जा सकता है। गड्ढा सूखा हो या उसमें पानी भरा हो, पैच रिपेयर के बाद करीब 15 मिनट में यातायात शुरू किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस तकनीक का प्रदर्शन 5 सितंबर 2025 को दिल्ली में सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा पीडब्ल्यूडी मंत्री की उपस्थिति में किया गया था। दिल्ली के अलावा कर्नाटक और आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी इसका प्रयोग किया जा रहा है।
राम राजा ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए इसे प्रशासन को भेजने और पैच रिपेयर की समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।

