आरकेजीआईटी में ‘मशीन लर्निंग इन एक्शन’ पर विशेष कार्यशाला

यूपी गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग ने युक्ति सॉफ्टवेयर्स के साथ हुए एमओयू के तहत “मशीन लर्निंग इन एक्शन: डेटा से मॉडल से प्रेडिक्शन” विषय पर विशेष तकनीकी कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग की मूल अवधारणाओं, व्यावहारिक उपयोग और वास्तविक जीवन में इसकी भूमिका से परिचित कराना था।

31 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यशाला में मुख्य रूप से सीएसई तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को डेटा तैयार करने, मशीन लर्निंग मॉडल को प्रशिक्षित करने और उससे प्रेडिक्शन प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया गया।

युक्ति सॉफ्टवेयर्स, ग्रेटर नोएडा के विशेषज्ञ मिथिलेश कुमार एवं मनीषा कुमारी ने अतिथि वक्ता के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने मशीन लर्निंग के वास्तविक जीवन में उपयोग, डेटा की भूमिका और आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डाला। व्यावहारिक उदाहरणों एवं प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को बढ़ावा मिला।

आयोजन का मार्गदर्शन विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सिंघल ने किया, जबकि फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. विनीत श्रीवास्तव रहे। वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डी. के. चौहान, डायरेक्टर डॉ. बी. सी. शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. आर. के. यादव एवं डॉ. रामेंद्र सिंह ने आयोजकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।