
यूपी – गाजियाबाद। राजनगर स्थित इस्कॉन गाजियाबाद में 4 सितंबर को भगवान कृष्ण के दिव्य प्राकट्य उत्सव के रूप में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में विशेष श्रृंगार, फूल बंगला, आकर्षक पुष्प सज्जा, झांकियां, संकीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण होंगी।
यह जानकारी पत्रकार वार्ता के दौरान मंदिर अध्यक्ष आदिकर्ता दास ने दी। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जाएगी, जबकि प्रशिक्षित स्वयंसेवक प्रातः 4 बजे से रात्रि 1 बजे तक सेवाएं देंगे। मंदिर परिसर में सुरक्षा गार्ड, शुद्ध पेयजल, दिशा-निर्देश बोर्ड और नियमित अनाउंसमेंट की व्यवस्था रहेगी। शाम से श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
इस्कॉन गाजियाबाद ने नगरवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लेने का आह्वान किया है। प्रेस वार्ता में सुंदर गोपाल दास, जोनल सुपरवाइजर, प्रवीण चौधरी, उप महापौर, धन्नंजय जगन्नाथ दास, मंदिर उपाध्यक्ष, सुरेश्वर दास, मंदिर प्रबंधक तथा सौरभ जयसवाल मौजूद रहे।

