मेवाड़ में ‘लिविंग द गीता मूवमेंट’ पर अतिथि व्याख्यान आयोजित

यूपीगाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के ऑडिटोरियम में ‘लिविंग द गीता मूवमेंट’ विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षण स्टाफ को श्रीमद्भगवद्गीता की 10 मूल शिक्षाओं और उनके वर्तमान जीवन में व्यावहारिक महत्व की जानकारी दी गई।

आध्यात्मिक वक्ता सद्गुरु साक्षी श्री ने श्रीमद्भगवद्गीता की प्रासंगिकता पर विचार रखते हुए कहा कि इसके संदेशों को दैनिक जीवन में अपनाकर जीवन को अधिक शांतिपूर्ण, संतुलित और सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने अपनी पुस्तक ‘लाइफ-चेंजिंग महा मंत्राज-द आर्ट ऑफ लिविंग द गीता’ के माध्यम से गीता के संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मन पर नियंत्रण, अनुशासन, नियमित अभ्यास, स्पष्ट चिंतन और आंतरिक परिवर्तन को जीवन की सफलता का आधार बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने सद्गुरु साक्षी श्री को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने तनाव, मानसिक शक्ति, संवाद, नैतिकता, भ्रष्टाचार और कर्मफल से अनासक्ति सहित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे।

कार्यक्रम का समापन डॉ. अलका अग्रवाल के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। संचालन अमित पाराशर ने किया।