
यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में गौ सेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर गो संरक्षण और गो संवर्धन के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान गोवंश संरक्षण को लेकर सरकार की योजनाओं और जनजागरूकता की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया।

महेश कुमार शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गो संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गो तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है तथा गोपालकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। गोवंश के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गो संरक्षण और संवर्धन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जन सहयोग के साथ व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता है।

प्रतिनिधिमंडल में भारतीय जनता पार्टी महानगर उपाध्यक्ष भानु सिसोदिया, कार्यसमिति सदस्य डॉ. नदीम कुरैशी और रघुनंदन भारद्वाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एस. पी. पांडेय, मुकेश कुमार गोयल, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक में गो संरक्षण से संबंधित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सामूहिक प्रयासों से गो संवर्धन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

