होली ट्रिनिटी चर्च स्कूल में मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन उत्साह से मनाया

यूपी गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित होली ट्रिनिटी चर्च स्कूल में 31 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन खेल प्रतियोगिताओं के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए खेलों में अनुशासन, स्वास्थ्य, खेल कौशल और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर छोटे बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़, रिले रेस, नींबू रेस, बोरा रेस, रिंग रेस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

स्कूल प्रबंधन की ओर से विशिष्ट अतिथि रेवरेंड नितिन कटिंग ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफियां प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। हेडमिस्ट्रेस मोनिका जॉन, कपिल शर्मा, सुहैल चौधरी और मनोज पवार ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के आयोजन में ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी सुहैल चौधरी और उनकी टीम की सराहना की गई। समापन पर विजेता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।