‘सरफरोशी की तमन्ना’ के ऐतिहासिक मंचन ने जगाया देशभक्ति का जज्बा

यूपी गाजियाबाद। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से थर्टीन स्कूल ऑफ टैलेंट डेवलपमेंट की ओर से आईएमएस यूनिवर्सिटी कैंपस में नाटक ‘सरफरोशी की तमन्ना’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। देश के जाने-माने नाट्य निर्देशक अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव, अजय कुमार और आदित्य श्रीवास्तव द्वारा लिखित एवं परिकल्पित तथा अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित इस नाटक में काकोरी कांड की ऐतिहासिक घटना को जीवंत किया गया।

करीब एक घंटा 20 मिनट के नाटक में 9 अगस्त 1925 को काकोरी में हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के क्रांतिकारियों द्वारा ब्रिटिश सरकार का खजाना ले जा रही ट्रेन रोकने की घटना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अशफाक उल्ला खां, राम प्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह, सचिन्द्र नाथ सान्याल और मन्मथ नाथ गुप्त सहित क्रांतिकारियों के देशभक्ति और बलिदान को कलाकारों ने शानदार ढंग से दर्शाया।

प्रमोद शिशोदिया ने बैरिस्टर बी.के. चौधरी, आदित्य श्रीवास्तव ने सरकारी वकील जगत नारायण मुल्ला और अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव ने जेलर चंपालाल की भूमिका निभाई। पारस, आकाश, निशांत, राजीव, अर्पित, निखिल, श्रेयस, जैद, अक्षत और शिवम ने क्रमशः विभिन्न प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। दीपाली जैन, हर्षिता, तरुणा, प्रियांक, नीतू, तन्मय, इम्प्रीक, कोमल कुमार और सजल सहित अन्य कलाकारों ने भी प्रभाव छोड़ा।

सेट एवं लाइट डिजाइन किरण कुमार, मंच संचालन रोजी श्रीवास्तव, संगीत निर्देशन डॉ. संकल्प श्रीवास्तव, मेकअप मुकेश झा तथा प्रॉपर्टी प्रभारी तरुणा पाल रहे। समापन पर आयोजक राकेश छारिया ने अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव को बुके देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रोटेरियन, पत्रकार, कवि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।