
721 बच्चों ने प्रस्तुतियों से मोहा दर्शकों का मन
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में क्रांतिकारी बाल गंगाधर तिलक एवं चंद्रशेखर आजाद को समर्पित 19वें प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह ‘प्रतिभा-2026’ का रंगारंग समापन हुआ। दिल्ली-एनसीआर के 33 स्कूलों के 721 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंतिम दिन मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने बताया कि 19 वर्षों में मेवाड़ कुल 35,492 विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच दे चुका है। इस वर्ष नौ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि उद्देश्य स्कूली प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें देश और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनमें देशभक्ति और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना विकसित करना है।

इससे पहले डॉ. अशोक कुमार गदिया एवं निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। भातखंडे संगीत महाविद्यालय गाजियाबाद के संगीतज्ञ हरिदत्त गौतम, निर्णायक डॉ. तारा गुप्ता एवं निवेदिता शर्मा को शॉल और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया।
एकल गायन में खनक प्रथम, तनिष्क द्वितीय, कुमकुम तृतीय और रश्मि को चेयरमैन अवार्ड मिला। समूह गायन में कुमकुम एवं समूह प्रथम, भूमि एवं समूह द्वितीय और रीवा एवं समूह तृतीय रहे। एकल नृत्य में सुहाना प्रथम, लाव्या द्वितीय, मोहम्मद सुभान तृतीय और वर्णिका को चेयरमैन अवार्ड मिला। समूह नृत्य में मानसा एवं समूह प्रथम, आयुषी एवं समूह द्वितीय तथा अनुराधा एवं समूह तृतीय रहे। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

