उत्थान वाटिका में वर्षा-जल संचयन टैंक स्थापित, जल संरक्षण का दिया संदेश

यूपीगाजियाबाद। भूजल संरक्षण और वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने के उद्देश्य से उत्थान समिति ने नगर निगम गाजियाबाद के सहयोग से उत्थान वाटिका में वर्षा-जल संचयन टैंक स्थापित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल मौजूद रहे।

उत्थान समिति के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि लगातार गिरता भूजल स्तर भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें भागीदारी करनी होगी। ‘जल संजीवनी अभियान’ के माध्यम से वर्षा-जल संचयन को जन आंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

अजीत पाल त्यागी ने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए वर्षा-जल संचयन प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक घर, कॉलोनी, पार्क, संस्थान और औद्योगिक इकाई को अपनी क्षमता के अनुसार वर्षा जल संरक्षण करना चाहिए।

मयंक गोयल ने कहा कि जल है तो जीवन है और जल संरक्षण भविष्य का संरक्षण है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से जल संरक्षण अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिंह सिरोही ने पार्क की देखभाल करने वाले मालियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कर उन्हें उपहार दिए। कार्यक्रम में डायरेक्टर जनरल अरुण त्यागी, अशोक कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर, मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी, पार्षद अमित त्यागी, पार्षद मनोज त्यागी, संदीप त्यागी रसम, पंडित अशोक भारतीय, अंशुल राणा सहित समिति सदस्य और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।