जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों का हेल्थ चेकअप, स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया जोर

यूपी गाजियाबाद। विजयनगर स्थित जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद ग्रेटर नेस्ट एवं यशोदा मेडिसिटी हॉस्पिटल, इंदिरापुरम के संयुक्त सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन निधि गौड़, अध्यक्ष रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद ग्रेटर नेस्ट एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू गौड़ के मार्गदर्शन में हुआ।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों का दंत एवं नेत्र परीक्षण किया। दंत चिकित्सकों ने सही तरीके से ब्रश करने, दिन में दो बार ब्रश करने, शक्करयुक्त खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन करने तथा फल-सब्जियों और पर्याप्त पानी के सेवन के महत्व की जानकारी दी। नेत्र चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को मोबाइल व टीवी स्क्रीन के दुष्प्रभावों से बचने, उचित रोशनी में पढ़ाई करने और आंखों से सही दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

परामर्श चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर व शुगर नियंत्रित रखने के साथ नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार और तनाव नियंत्रण पर जोर दिया। प्रधानाचार्या अंजू गौड़ ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रारंभिक अवस्था से ही स्वस्थ आदतें विकसित करने के लिए ऐसे शिविर आवश्यक हैं। उन्होंने चिकित्सकों और रोटरी क्लब सदस्यों का आभार जताते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।