कंपनी बाग की निगम लाइब्रेरी का डिजिटल रूप में लोकार्पण

यूपी – गाजियाबाद। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम ने सिटी जोन स्थित कंपनी बाग की लाइब्रेरी का नवीनीकरण कर उसे डिजिटल रूप प्रदान किया है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। इस मौके पर निगम पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।

नवीनीकृत लाइब्रेरी में एक साथ 70 पाठकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्राकृतिक प्रकाश के लिए खिड़कियां, इंटरनेट, कंप्यूटर, एसी, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि पुरानी लाइब्रेरी की स्थिति काफी खराब थी, जिसे ध्यान में रखते हुए उसका नवीनीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी से शहर के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल स्थान मिलेगा।

महापौर सुनीता दयाल ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नगर निगम की पहली ऐसी लाइब्रेरी है, जहां पुस्तकों के साथ कंप्यूटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पाठकों को प्रतिदिन अधिकतम एक घंटे कंप्यूटर सुविधा का उपयोग करने की अनुमति होगी।

छात्र-छात्राएं 750 रुपये मासिक शुल्क देकर यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।