
यूपी – फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में चातुर्मास कर रहे जैन मुनि एकत्व सागर महाराज के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद जैन समाज में आक्रोश है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
दिगंबर जैन महासंघ एवं राष्ट्रीय एकता मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय जैन ने कहा कि जैन मुनि के साथ हुई घटना से पूरे भारत के जैन समाज में आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि मुनि एकत्व सागर महाराज के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार करने वाले दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर जैन समाज धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।
अजय जैन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि मंदिर परिसर में श्रीपार्श्वनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक एवं श्रीपार्श्वनाथ विधान होना है। इसी कार्यक्रम के बैनर को लेकर विवाद शुरू होने की बात सामने आई है। वहीं, मुनि अमित सागर महाराज ने घटना से स्वयं और अपने शिष्यों का कोई संबंध होने से इनकार किया है। पुलिस वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

