टीबी मरीजों को पोषण पोटली देकर रेडक्रॉस ने लिया स्वस्थ गाजियाबाद का संकल्प

यूपी – गाजियाबाद, 21 अगस्त। क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत रेडक्रॉस सोसायटी गाजियाबाद इकाई द्वारा जनपद को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संजय नगर स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय में रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर के सहयोग से 31 पात्र क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रो. रवि बाली, उप संरक्षक रेडक्रॉस गाजियाबाद, की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रेडक्रॉस गाजियाबाद की निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता ने बताया कि चार वर्ष पूर्व टीम का गठन किया गया था। शुरुआत में सेवा कार्यों में कठिनाइयां आईं, लेकिन पिछले दो वर्षों से रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब, लायंस क्लब और भारत विकास परिषद सहित अन्य संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने में संस्थाएं लगातार सहयोग कर रही हैं।

रो. रवि बाली, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना वर्मा, डॉ. अंकिता और सुभाष गुप्ता ने लाभार्थियों एवं उनके परिजनों को नियमित दवा लेने तथा पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में संजय यादव, एम.सी. गौड़, विपिन अग्रवाल, गीता शर्मा तथा क्षय रोग विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों-कर्मियों का विशेष योगदान रहा। रो. पारुल त्यागी ने मरीजों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्यार और अपनापन भी रोगियों के मनोबल को मजबूत करता है। उन्होंने कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है।”