तालकटोरा रैली की सफलता पर कार्यकर्ताओं का सम्मान, राम अवतार जिंदल बने पश्चिमी यूपी के संगठन प्रभारी

यूपी गाजियाबाद, 21 अगस्त। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से हिन्दी भवन, लोहिया नगर में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ऐतिहासिक रैली को सफल बनाने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुरादाबाद, अमरोहा, बरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, रामपुर, फिरोजाबाद, आगरा, मेरठ, शामली, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, मैनपुरी और मथुरा सहित विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता पहुंचे।

मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि तालकटोरा रैली की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्वांचल के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी सेवा कार्यों को गति देगी और महाराजा सुहेलदेव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार को देखते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने डॉ. राम अवतार जिंदल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का संगठन प्रभारी घोषित किया। उन्हें कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और समाधान के लिए संगठन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया।

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि पार्टी पश्चिमांचल की 10 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत कर रही है तथा प्रदेश की 83 विधानसभा सीटों पर सक्रिय रूप से कार्यरत है। उन्होंने बुनकर समाज सहित वंचित वर्गों के विकास के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।

डॉ. राम अवतार जिंदल ने जिम्मेदारी के लिए नेतृत्व का आभार जताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव शक्ति सिंह, दयाराम भार्गव, राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ सुमन पुनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव राजू पंडित, वली चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ दीपक चौहान सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन रितेश राम ने किया।