
यूपी – गाजियाबाद, 21 अगस्त। बढ़े हुए कमर्शियल हाउस टैक्स के विरोध में महानगर उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद द्वारा नवयुग मार्केट से घंटाघर शहीद भगत सिंह चौक तक प्रस्तावित पैदल मार्च विधायक संजीव शर्मा की घोषणा के बाद स्थगित कर दिया गया। विधायक संजीव शर्मा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और उप नगर आयुक्त अनिरुद्ध सिंह नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क के सामने पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की।
महानगर अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान ने मांग रखी कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के बिलों के आधार पर कमर्शियल हाउस टैक्स में अधिकतम 20 प्रतिशत तक वृद्धि की जाए तथा पूर्व में मिल रही सभी छूटें बरकरार रहें। विधायक संजीव शर्मा ने मांग पर सहमति जताते हुए घोषणा की कि टैक्स में 20 से 22 प्रतिशत तक ही वृद्धि होगी और पुरानी छूटें यथावत रहेंगी। नए रेट लागू होने से पहले जमा टैक्स को आगामी वर्ष में समायोजित किया जाएगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्णय पर सहमति जताते हुए सोमवार से आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की बात कही। पार्षद राजीव शर्मा ने भी सभी जोन में नई दरों के अनुसार टैक्स व्यवस्था लागू कराने की बात कही।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, महानगर महामंत्री अशोक चावला, जिला महामंत्री राजदेव त्यागी, विधानसभा अध्यक्ष सुनील गोयल, युवा चेयरमैन मनोज गर्ग, युवा अध्यक्ष विपिन गोयल, युवा महामंत्री हरीश शर्मा, हितेंद्र शर्मा, वसीम अली, अमित मदान, विकास अग्रवाल, संदीप गर्ग, राकेश स्वामी, राकेश बबेजा, अनुराग गर्ग और सुधीर चौधरी सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

