
यूपी – गाजियाबाद, 21 अगस्त। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 173वीं बोर्ड बैठक अध्यक्ष एवं मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में हरनंदीपुरम, एयरोसिटी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, एलिवेटेड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर, बाढ़ सुरक्षा, टाउनशिप और आवासीय विकास से जुड़े सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर किए गए।
घंटाघर से चौधरी मोड़ होते हुए भाटिया मोड़ तक करीब दो किलोमीटर लंबे चार लेन एलिवेटेड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर को मंजूरी दी गई। परियोजना को अर्बन चैलेंज फंड के तहत वित्तपोषित करने तथा आईआईटी रुड़की से डिजाइन, निर्माण एवं टेस्टिंग कराने का प्रावधान है।
हरनंदीपुरम, प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और एयरोसिटी की बाढ़ से सुरक्षा के लिए हिंडन नदी के दाहिने तट पर बंधा निर्माण भी स्वीकृत हुआ। एयरोसिटी के लिए करीब 541 हेक्टेयर भूमि जुटाने की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई।
हरनंदीपुरम योजना की 24.1213 हेक्टेयर भूमि को कृषि से आवासीय करने, शाहपुर बम्हैटा में टाउनशिप विकास तथा इंदिरापुरम के दो भूखंडों को ग्रुप हाउसिंग में बदलने के प्रस्ताव भी मंजूर हुए। राजनगर में 3815.65 वर्गमीटर भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन भी स्वीकृत किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी गाजियाबाद, जीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, डॉ. केशव त्यागी, पवन गोयल, सचिव एवं अपर सचिव जीडीए सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। हापुड़ के हसनपुर लोधा में 13.1568 हेक्टेयर भूमि को औद्योगिक करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

