जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थी परिषद का इन्वेस्टिचर समारोह आयोजित

यूपीगाजियाबाद। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, विजय नगर में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टिचर समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थी परिषद के प्रमुख पदों के लिए विद्यार्थियों का चयन विद्यालय के निदेशक डॉ. करुण कुमार गौड़ ने साक्षात्कार के माध्यम से किया। चयन में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संचार कौशल, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को विशेष महत्व दिया गया।

चयन प्रक्रिया के बाद सीनियर हेड बॉय अचिन्त्य राज खन्ना, सीनियर हेड गर्ल प्लाक्षा, वाइस हेड बॉय अरुण भारद्वाज और वाइस हेड गर्ल आन्या गुप्ता को नियुक्त किया गया। वहीं जूनियर विद्यार्थी परिषद में जूनियर हेड बॉय केशव बंसल और जूनियर हेड गर्ल प्रत्याशा सिंह का चयन हुआ।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज एवं पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पद की शपथ दिलाई गई। सभी ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू गौड़ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद नेतृत्व व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है। निदेशक डॉ. करुण कुमार गौड़ ने कहा कि नेतृत्व पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा, अनुशासन और प्रेरणा का भाव है।