
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के ऑडिटोरियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ आयोजित किया गया। समारोह में इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि समाज प्रमुख है और सरकार उसका अंग मात्र है। इसलिए समाज को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने में शिक्षण संस्थानों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. अशोक कुमार गदिया ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए अंग्रेजी शासन के दौरान भारत की परिस्थितियों तथा आजादी के लिए देशवासियों के संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने विद्यार्थियों से नशामुक्त रहकर देश को मजबूत बनाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अद्वैत माहेश्वरी ने सम्भाषण, देशभक्ति कविताएं, एकल गीत और समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया।
इससे पूर्व परिसर में डॉ. अशोक कुमार गदिया, निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल, प्रबंधन के प्रमुख अधिकारी अर्पित माहेश्वरी एवं अद्वैत माहेश्वरी ने ध्वजारोहण किया। समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्र की एकता और प्रगति के प्रति संकल्प व्यक्त किया।

