
यूपी – गाजियाबाद। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) परिसर में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन हुआ और बाद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया। स्वतंत्रता दिवस पर जीडीए परिसर को तिरंगे के रंगों वाली आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे शाम के समय परिसर देशभक्ति के रंग में जगमगाता नजर आया।

उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और अपने कर्तव्यों के मूल्यांकन का दिन है। सरकारी सेवकों की जिम्मेदारी अधिक होती है, इसलिए उन्हें नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद नागरिक की समस्या का समाधान करना, उसका कार्य समयबद्ध तरीके से कराना और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही सच्ची जनसेवा एवं राष्ट्रभक्ति है।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पारदर्शिता, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी राजीव रतन सिंह, विशेष कार्याधिकारी कनिका कौशिक, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

