जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

यूपी – गाजियाबाद। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर वरुण गौड़ ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर रो. सुरेन्द्र शर्मा, रो. अश्वनी शर्मा, रो. वंदना शर्मा, रो. राजेन्द्र गजवानी एवं रो. विजय वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि गौड़ के स्वागत अभिभाषण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी के महत्व, विद्यार्थियों के राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और नैतिक शिक्षा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के कल्याण के लिए निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक, योग एवं कविताओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के उत्साह से भर दिया।

डायरेक्टर वरुण गौड़ ने विद्यार्थियों को देशभक्ति का महत्व समझाते हुए आदर्श नागरिक बनने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश सेवा किसी भी उम्र और किसी भी स्तर पर की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने तथा 15 अगस्त के बाद उसे सुरक्षित रखने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम की सफलता के लिए छात्रों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।