देशभक्ति के नारों से गूंजा गाजियाबाद, भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

यूपीगाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद महानगर द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में यात्रा बजरिया स्थित गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर नवयुग मार्केट स्थित शहीद पथ पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं, छात्र-छात्राओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न स्थानों पर व्यापार मंडलों एवं सामाजिक संस्थाओं ने पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का स्वागत किया।

महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करना है।

यात्रा के समापन पर शहीद पथ स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी, सदर विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, कृष्ण वीर सिरोही, पूर्व मेयर आशु वर्मा, अजय शर्मा, सरदार एसपी सिंह, इंद्रजीत सिंह टीटू, एसपी ओबरॉय, अमन सिंह, पंकज भारद्वाज, गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, विनोद कसाना, मेहताब त्यागी और महानगर मीडिया प्रभारी नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।