
यूपी – गाजियाबाद। स्टील ट्यूब डीलर्स एवं पाइप मार्केट के व्यापारियों ने मार्केट के पीछे लंबे समय से जमा सीवर के गंदे पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना है कि सीवर का पानी काफी समय से जमा होने के कारण क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। इससे व्यापारियों को दुकानों पर बैठकर कारोबार करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने बताया कि समस्या के संबंध में जोनल इंचार्ज नितिन केन से बातचीत कर उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया गया है। व्यापारियों ने मांग की कि सीवर की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि मार्केट में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण कायम हो सके।
व्यापारियों ने कहा कि वे नगर निगम अधिकारियों का सम्मान करते हैं और उम्मीद करते हैं कि उनकी गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरी में सभी व्यापारी अपनी मार्केट छोड़कर संबंधित कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य विरोध करना नहीं, बल्कि मार्केट को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यापार के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

