
यूपी – गाजियाबाद। विजय नगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच ध्वजारोहण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर विधायक संजीव शर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज एवं संबंधित पट्टियां वितरित कीं। उन्होंने बच्चों को देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा राष्ट्रीय मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। संजीव शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व बच्चों में देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बलप्रीत सिंह, शहर मंडल अध्यक्ष महीम गुप्ता और अजय चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य धर्मजीत कौर तथा मैनेजर सरदार जोगिंदर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज और ध्वजारोहण सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनमें राष्ट्रीय पर्वों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

