

यूपी – गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सेंट्रल मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान से कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिलेगी। एक माह में संगठनात्मक चयन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा, जबकि निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
अशोक तंवर ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रदर्शन का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। जिला, महानगर और विभिन्न फ्रंटल संगठनों में चयन प्रक्रिया के माध्यम से बूथ एवं जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, सक्रियता और जवाबदेही अभियान की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मजबूत संगठन के साथ पार्टी पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरेगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अफरोज अली, हेमंत प्रधान, जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीरसिंह जाटव, सुनील चौधरी, सुशांत गोयल, नवीन कुमार पाले, अश्वनी त्यागी, तरुण रावत, सुरेंद्र शर्मा और राजाराम भारती सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

