

यूपी – गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा महोत्सव को सफल बनाने के लिए नगर निगम द्वारा मेरठ रोड पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत में भव्य पुष्पवर्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ (IAS), जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित निगम व पुलिस विभाग के अधिकारियों ने कांवड़ियों पर पुष्प बरसाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था और श्रद्धा भाव से कांवड़ यात्रा महोत्सव सफल हो रहा है। लाखों कांवड़ यात्री गाजियाबाद से होकर गुजरते हैं और निगम द्वारा उनका स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया जा रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि निगम की टीम 24 घंटे व्यवस्था में जुटी है। कांवड़ मार्ग, शिविरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था की जा रही है। निगम अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ सेवा एवं श्रद्धा भाव से कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में जुटे हैं।
अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि पुष्पवर्षा में गुलाब, गेंदे और चमेली की करीब तीन से चार क्विंटल पंखुड़ियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को भी निगम द्वारा भव्य पुष्पवर्षा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही।

