

यूपी – गाजियाबाद/लोनी। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा ने रविवार को हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान “हर-हर महादेव”, “ओम नमः शिवाय”, “बोल बम” और “जयकारा वीर बजरंगी” के जयघोष से लोनी का वातावरण भक्तिमय हो गया।
मनोज धामा ने कहा कि पिछले करीब 10 दिनों से चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्त अब अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। अगले एक-दो दिनों में कांवड़िये अपने घरों और मंदिरों में पहुंचकर हरिद्वार एवं गोमुख से लाए गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका पटका पहनाकर सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि इस समय कांवड़िये साक्षात शिव के स्वरूप नजर आ रहे हैं और धार्मिक आयोजनों से लोनी सहित आसपास का क्षेत्र भी भक्तिमय हो गया है।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका सभासद सतपाल शर्मा, बबलू शर्मा, उदयपाल प्रधान, भाटी जी और टिल्लू सहित कांवड़ सेवा शिविरों में कई दिनों से सेवा कर रहे धर्म योद्धा मौजूद रहे। मनोज धामा ने सभी सेवाभावियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से वर्षों से कांवड़ सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं की व्यवस्थित सेवा की जा रही है और यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

