हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में व्यापारियों का धरना पांचवें दिन भी जारी

यूपीगाजियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई भारी वृद्धि के विरोध में हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के तत्वावधान में नवयुग मार्केट में चल रहा व्यापारियों का धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को विभिन्न व्यापारिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों का लगातार समर्थन मिल रहा है।

धरने को संबोधित करते हुए समिति के आयोजक राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि हाउस टैक्स में की गई बेतहाशा वृद्धि को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस लेने तथा वर्ष 2024 में निर्धारित दरों के आधार पर टैक्स की गणना और वसूली की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

पी-ब्लॉक (एचआईजी) प्रताप विहार आरडब्ल्यूए, लाइनपार क्षेत्र वेलफेयर एसोसिएशन, सब्जी मंडी व्यापार मंडल, जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र और आजाद अधिकार सेना ने आंदोलन को समर्थन दिया है। आजाद अधिकार सेना के प्रदेश प्रवक्ता रवि समनिया ने भी समर्थन पत्र जारी किया।

पूर्व पार्षद एवं आरटीआई कार्यकर्ता मुनीन्द्र आर्य ने नगर निगम के छोटे दुकानदारों को 70 प्रतिशत तक छूट देने के दावे पर शासनादेश के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

धरने में राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, रजनीश बंसल मंगली, सुभाष छाबड़ा, हरविंदर गांधी, सुभाष गुप्ता, प्रीतम लाल, गौरव बंसल, तिलक राज अरोड़ा, हिमांशु मित्तल, हरीश चौधरी, लोकेश कुमार, एड हर्ष, नितिन गोयल, मुनीन्द्र आर्य, बिजेंद्र यादव, सुनील चाचा, अभिषेक गर्ग, अमित वर्मा, मो कासिम, सोनू सिंघल, राजेंद्र आर्य, आम अवतार यादव, वीपी सिंह और शशांक गोयल सहित सैकड़ों व्यापारी एवं नागरिक मौजूद रहे।