कांवड़ यात्रियों की सेवा में समर्पित भाजयुमो का पांचवां कांवड़ सेवा शिविर शुरू

यूपीगाजियाबाद। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), गाजियाबाद द्वारा मोहन नगर स्थित ऑटो स्टैंड, निकट डीसीपी कार्यालय पर पांचवें कांवड़ सेवा शिविर का भव्य उद्घाटन किया गया। शिविर का शुभारंभ भाजयुमो महानगर उपाध्यक्ष सचिन डेढ़ा के संयोजन में मरघट वाले हनुमान मंदिर, आईएसबीटी दिल्ली के महंत वैभव शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में एसीपी इंदिरापुरम/खोड़ा सूर्यबली तथा निवर्तमान महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सचिन डेढ़ा के संयोजन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह शिविर कांवड़ यात्रियों और भोले के भक्तों को भोजन, विश्राम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। शिविर में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान सचिन डेढ़ा ने भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा बलप्रीत सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की निःस्वार्थ सेवा के लिए आयोजित शिविर की सराहना की।

आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।