
यूपी – गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में रहने वाले सरकारी शिक्षक शिव नारायण राही के साथ फल विक्रेताओं द्वारा मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि खराब आम वापस करने पर फल विक्रेता और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा जेब में रखे 750 रुपये निकाल लिए। शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
सिहानी गेट थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, 6 अगस्त की शाम करीब सात बजे शिव नारायण राही सब्जी मंडी में फल खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने एक ठेले से छांटकर अच्छी गुणवत्ता के ढाई किलो आम खरीदे। घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि फल विक्रेता ने नजर बचाकर अच्छे आमों की जगह खराब आम रख दिए थे। इस पर वह आम वापस करने के लिए ठेले पर पहुंचे, जहां गुणवत्ता को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि फल विक्रेता ने अपने चार-पांच साथियों को बुला लिया, जिन्होंने उनके साथ मारपीट की और धक्का-मुक्की के दौरान उनकी जेब से करीब 750 रुपये निकाल लिए।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना अपने भाई को दी, जिसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
शिव नारायण राही का आरोप है कि संबंधित लोग फुटपाथ पर अवैध रूप से फल बेचते हैं तथा ग्राहकों की नजर बचाकर अच्छे फलों की जगह घटिया गुणवत्ता के फल बदल देते हैं। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

