लीलावती इंटरनेशनल स्कूल एवं साईं सेवा ट्रस्ट ने 17 महिला श्रद्धालुओं को भेंट किए निशुल्क शिरडी यात्रा के टिकट

यूपीगाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित लीलावती इंटरनेशनल स्कूल एवं साईं सेवा ट्रस्ट की ओर से साईं सर्व धर्म मंदिर में प्रत्येक बृहस्पतिवार को भजन-कीर्तन करने वाली 17 सदस्यीय महिला कीर्तन मंडली को निशुल्क शिरडी यात्रा की सौगात दी गई। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी श्रद्धालुओं को आने-जाने की स्लीपर क्लास रेलवे टिकट, शिरडी में ठहरने की व्यवस्था, भोजन तथा होटल प्रवेश संबंधी अनुमति पत्र वितरित किए गए।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं का जत्था 21 अगस्त को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से शिरडी के लिए रवाना होगा। चार दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालु दो दिन शिरडी में प्रवास करेंगे और दर्शन-पूजन के बाद पुनः गाजियाबाद लौटेंगे।

ट्रस्ट ने बताया कि यह पहला अवसर नहीं है, जब श्रद्धालुओं के लिए इस प्रकार की निशुल्क धार्मिक यात्रा आयोजित की गई हो। इससे पूर्व भी साईं सेवा ट्रस्ट कई यात्राओं का सफल आयोजन कर चुका है। साथ ही हर वर्ष अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले भव्य स्थापना दिवस समारोह में अगले वर्ष शिरडी यात्रा पर भेजे जाने वाले श्रद्धालुओं की घोषणा भी की जाती है।

इस अवसर पर साईं सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय बग्गा, सचिव अमित बग्गा, सोनू तथा आचार्य पीयूष मिश्रा उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को शिरडी यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।