मंत्री नरेंद्र कश्यप के आवास के बाहर दिव्यांगों का धरना, आवास और ई-रिक्शा देने का आश्वासन पूरा नहीं होने का आरोप

वीरेंद्र यादव ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- दिव्यांगों की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट ने प्रदेश सरकार पर दिव्यांगजनों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप के आवास के बाहर दिव्यांग महिलाएं और पुरुष खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।

वीरेंद्र यादव ने 4 नवंबर को जारी बयान में कहा कि दिव्यांगजन पिछले आठ घंटे से अधिक समय से मंत्री के आवास के बाहर धरना दे रहे हैं। आरोप है कि करीब एक महीने पहले मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने उन्हें सरकारी आवास और रोजगार के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि आश्वासन पूरा नहीं होने पर दिव्यांगजन अपना अधिकार मांगने मंत्री के आवास पहुंचे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ लोकतंत्र बचाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जरूरतमंद लोगों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर बैठना पड़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर दिव्यांगजनों को आवास और ई-रिक्शा उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।