37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का भव्य समापन, 234 अंकों के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश बना चैंपियन

कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

गाजियाबाद। नेहरू नगर स्थित दुर्गावती हेमराज टाह सरस्वती विद्या मंदिर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का भव्य समापन हुआ। देशभर से आए बाल खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया और कई नए राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किए। प्रतियोगिता में 234 अंकों के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश ने ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।

समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहे। उनका स्वागत डोमेश्वर साहू और अपूर्व सिन्हा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेश गुप्ता ने की। उनका स्वागत विशोक कुमार और डॉ. रुचि गोयल ने किया।

इस अवसर पर विद्या भारती के वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। यतीन्द्र शर्मा का स्वागत भारतीय शिक्षा समिति के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण सोलंकी ने, देशराज शर्मा का स्वागत सीए वीके गुप्ता ने तथा श्रीराम अवारकर का स्वागत सीए महेश गुप्ता ने किया। मुक्तेश सिंह बदेशा का स्वागत पूर्व छात्र परिषद के प्रांत संयोजक तरुण और प्रधानाचार्य विपिन राठी ने किया। हेमचंद्र का स्वागत अखिल भारतीय सह-संयोजक (पूर्व छात्र परिषद) राहुल सिंघल ने किया। डोमेश्वर साहू का स्वागत नेहरू नगर विद्या मंदिर के व्यवस्थापक दीपांशु पाल, अभिषेक यादव और शुभम राजपूत ने किया।

प्रतियोगिताओं में बालिका वर्ग में दक्षिण क्षेत्र ने 54 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग बालक में दक्षिण क्षेत्र 50 अंकों के साथ प्रथम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश 44 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। किशोर बालिका वर्ग में दक्षिण क्षेत्र 36 अंकों के साथ प्रथम, पूर्वी उत्तर प्रदेश 32 अंकों के साथ दूसरे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश 28 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। तरुण बालक वर्ग में पूर्वी उत्तर प्रदेश ने 85 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। तरुण बालिका वर्ग में दक्षिण मध्य क्षेत्र 59 अंकों के साथ प्रथम और पूर्वी उत्तर प्रदेश 44 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

खेल समारोह में सुमित यादव (पूर्वी उत्तर प्रदेश) ने चक्का फेंक, याचिका (दक्षिण क्षेत्र) ने 100 मीटर दौड़, हर्षिता (दक्षिण क्षेत्र) ने ऊंची कूद और मोहित तिवारी (मध्य क्षेत्र) ने 3000 मीटर दौड़ में नए कीर्तिमान स्थापित किए।

मुख्य अतिथि पुष्कर सिंह धामी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी देश को उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के अंत में सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गावती हेमराज टाह सरस्वती विद्या मंदिर नेहरू नगर और शिशु मंदिर के सभी शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई।