
गाजियाबाद। युवा महानगर उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष एवं संजय नगर सेक्टर-23 राजनगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन गोयल ने दीपावली के पावन पर्व पर समस्त व्यापारी भाइयों, उद्यमियों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि दीपावली का प्रकाश हर व्यापारी, हर परिवार और जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का उजाला लेकर आए।
विपिन गोयल ने कहा कि दीपावली प्रेम, विश्वास, सद्भाव, एकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। व्यापारी समाज देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। व्यापारी अपने परिश्रम से कारोबार को आगे बढ़ाने के साथ लाखों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कामना की कि इस दीपावली प्रत्येक व्यापारी के कारोबार में नई तरक्की और सफलता आए तथा किसी भी दुकान में मंदी न रहे।
उन्होंने व्यापारियों और शहरवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने तथा स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना और उनके बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही त्योहार की सच्ची खुशी है।
विपिन गोयल ने सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, सहयोग और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से प्रार्थना है कि हर घर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।

