EWS नियमों में सुधार और राष्ट्रीय स्तर पर सवर्ण आयोग के गठन की मांग

यूपी – नई दिल्ली। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने दिल्ली प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के पात्रता नियमों में व्यापक सुधार और राष्ट्रीय स्तर पर ईडब्ल्यूएस एवं सवर्ण आयोग के गठन की मांग उठाई।

कार्यक्रम दिल्ली-एनसीआर संत महामंडल के अध्यक्ष एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरि के सान्निध्य में हुआ। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भेरू सिंह चौहान ने क्षत्रिय समाज की गौरवशाली सैन्य परंपरा, राष्ट्ररक्षा और सामाजिक समरसता पर जोर दिया।

युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि पांच एकड़ कृषि भूमि की सीमा, आठ लाख रुपये की वार्षिक आय सीमा और क्षेत्रीय विषमताओं को ध्यान में रखते हुए ईडब्ल्यूएस नियमों की समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने प्रमाण-पत्र प्रक्रिया सरल करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग भी रखी।

महंत नारायण गिरि ने सनातन धर्म के अपमान पर चिंता जताते हुए राजनेताओं को अपनी जिम्मेदारी समझने की चेतावनी दी। उन्होंने संत समाज और क्षत्रिय समाज से राष्ट्रविरोधी एवं धर्मविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध एकजुट होकर संवैधानिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सोमवीर सिंह तंवर, जीवन सिंह तंवर, विजय सिंह पंवार और देवेंद्र सिंह चौहान सहित संत एवं क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।