‘अभिव्यक्ति-2026’ पुरस्कार समारोह में 287 विद्यार्थियों का सम्मान, 46 मेधावी भी हुए पुरस्कृत

यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘अभिव्यक्ति-2026’ पुरस्कार वितरण समारोह में 46 मेधावी विद्यार्थियों सहित कुल 287 छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया और निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में समूह गीत, समूह नृत्य, नाटक, फैशन शो, एकल गायन, एकल नृत्य, कविता पाठ और मूट कोर्ट का आयोजन किया गया। वहीं खेल प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, क्रिकेट, बास्केटबॉल, खो-खो और वॉलीबॉल सहित कई स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

संस्थान के 241 विद्यार्थियों के नाम कुल 446 सम्मान प्रविष्टियां दर्ज हुईं। कई विद्यार्थियों ने एक से अधिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पुरस्कार अपने नाम किए। इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार गदिया और डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि मेवाड़ ग्रुप शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति, नेतृत्व, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता को समान महत्व देता है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।